थाना वृन्दावन क्षेत्र अंतर्गत हैजा अस्पताल के पीछे रहने वाले हरीश कुमार ने आरोप लगाया है कि 4 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे टैम्पू स्टैण्ड के निकट एक पान की दुकान पर उसके साथ पहले गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर आरोपी युवक ने फोन कर अपने चार-पांच साथियों को मौके पर बुला लिया।
हरीश के मुताबिक, साथियों के पहुंचते ही सभी आरोपियों ने एकराय होकर उसके साथ अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसे अपमानित किया गया और उसकी जाति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उसे काफी चोटें आईं। मौके पर हंगामा और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और उन्होंने किसी तरह हरीश को आरोपियों से बचाया।
घटना के बाद पीड़ित रात में ही थाना वृन्दावन पहुंचा। पुलिस ने तत्काल उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सौ शैय्या अस्पताल भेजा, जहां उसका मेडिकल कराया गया। हरीश ने घटना को लेकर रात में ही थाना वृन्दावन पुलिस को तहरीर भी दी है।
अब पुलिस के सामने पीड़ित द्वारा लगाए गए जातिसूचक टिप्पणी, सामूहिक मारपीट और गाली-गलौज के आरोपों की जांच का मामला है। तहरीर में लगाए गए आरोपों पर पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। पीड़ित ने पुलिस से अभियोग पंजीकृत करने की गुहार लगाई है।