शादी का प्रस्ताव ठुकराने की रंजिश में भाभी की हत्या, आरोपी ने की आत्महत्या की कोशिश
15 February 2026, 16:01
296 views
Crime
मथुरा | संजय सिंह
थाना नौहझील क्षेत्र के कटैलिया बागई गांव में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। शादी के प्रस्ताव को ठुकराए जाने की रंजिश में एक युवक ने अपनी ही भाभी की धारदार हथियार से हत्या कर दी और बाद में ब्लेड से अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
बताया गया है कि ज्वाला प्रसाद के बेटे कालू की शादी करीब चार महीने पहले करिश्मा के साथ बलदेव में आयोजित एक सामूहिक विवाह समारोह में हुई थी। समारोह में दोनों भाई शामिल हुए थे। इसी दौरान करिश्मा की बहन ने दीपक के शादी प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया था, जिससे दीपक मन ही मन आक्रोश में रहने लगा। वह भाभी करिश्मा और उसके मायके पक्ष से नाराज चल रहा था। रविवार को कालू और उसके पिता खेत पर काम करने गए थे। इसी दौरान घर में दीपक और करिश्मा के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर दीपक ने गुस्से में आकर धारदार वस्तु से करिश्मा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दीपक ने ब्लेड से अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। कुछ देर बाद परिजनों ने दोनों को खून से लथपथ हालत में देखा। आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान करिश्मा को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं आरोपी दीपक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक दीपक के परिजनों ने साक्ष्य छिपाने का भी प्रयास किया है। चार महीने पहले ही दुल्हन बनकर आई करिश्मा की इस तरह हत्या से परिजन बदहवास हैं।