थाना वृन्दावन में दो माह की देरी के बाद एसएसपी श्लोक कुमार के आदेश पर सोनू सिंह की तहरीर के आधार पर ज़मीन हड़पने के मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की चार अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला राजपुर बांगर स्थित आनंद उत्सव कॉलोनी के एक प्लॉट से जुड़ा है। दुसायत निवासी सोनू सिंह के अनुसार उनका एक प्लॉट 28 अगस्त 2023 से आनंद उत्सव कॉलोनी में स्थित है। आरोप है कि पानीगांव निवासी बंटू प्रधान पुत्र बूची प्रधान और चामुंडा कॉलोनी निवासी लक्ष्मण दास लंबे समय से उसकी ज़मीन हड़पने की कोशिश कर रहे हैं। समझाने के बावजूद आरोपी नहीं माने। पीड़ित का आरोप है कि 14 नवंबर 2025 को दोपहर करीब एक बजे बंटू प्रधान चार-पांच लोगों के साथ उसके घर पहुंचा, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बंटू ने खुलेआम ऐलान किया कि वह सोनू को प्लॉट पर कोई निर्माण नहीं करने देगा और निर्माण करने की सूरत में पांच लाख रुपये रंगदारी की मांग की। मांग पूरी न होने पर मारपीट की कोशिश और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। मामला यहीं नहीं थमा। सोनू सिंह के अनुसार 7 दिसंबर 2025 की रात आरोपियों ने उसके प्लॉट की बाउंड्री वॉल को बुलडोजर से गिरा दिया। बताया गया कि बुलडोजर चामुंडा कॉलोनी निवासी ओमी.का बेटा चला रहा था। आरोप है कि इसी दौरान प्लॉट से सटी गौधूलिपुरम निवासी मोहिनी की दीवार और उसमें बना कमरा भी ढहा दिया गया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी सोनू और मोहिनी की ज़मीन को अपनी ज़मीन में मिलाकर नई बाउंड्री वॉल बनाने की फिराक में हैं। मामले में एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद थाना वृन्दावन पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।