मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देश पर थाना जैत पुलिस ने एसओजी एवं सर्विलांस टीम के साथ मिलकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। छात्रा के अपहरण की सनसनीखेज घटना में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर अपहृत छात्रा को सकुशल बरामद करते हुए फिरौती के लिए अपहरण करने वाले एक महिला सहित दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया।
यह मुठभेड़ गांव धोरेरा के पास स्थित जंगल में हुई, जहां पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए बदमाश भागने की कोशिश कर रहे थे। जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 2.5 लाख रुपये नकद (फिरौती की राशि), 2 अवैध तमंचे (.315 बोर), 4 जिंदा कारतूस (.315 बोर), 5 खोखा कारतूस (.315 बोर) और एक टेम्पो (अपहरण में प्रयुक्त वाहन) बरामद किया है।
पुलिस ने सौरव सिंह उर्फ मंडली निवासी नगला नंगू, थाना जगनेर, जनपद आगरा हाल निवासी पारस प्राइड फ्लैट नं. 111, रुक्मिणी विहार, थाना वृन्दावन उम्र लगभग 28 वर्ष, मंजीत निवासी बेनीपुर, थाना पुरसोनी, जनपद सीतामढ़ी (बिहार) हाल निवासी राधा पुरम चौराहा, थाना हाईवे, मथुरा और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से वेब सीरीज देखकर स्कूल व कॉलेज की छात्राओं के अपहरण की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत उन्होंने 18 दिसंबर को थाना जैत क्षेत्र की एक कॉलेज छात्रा को कॉलेज से घर लौटते समय अगवा कर लिया और उसके पिता से 30 लाख रुपये फिरौती की मांग की।
इस पूरी कार्रवाई में थाना जैत पुलिस की सक्रियता, त्वरित सूचना संकलन और सटीक रणनीति निर्णायक साबित हुई। पुलिस की मुस्तैदी के चलते न केवल छात्रा की जान बची, बल्कि एक संगठित अपहरण गिरोह का भी पर्दाफाश हुआ।
यह कार्रवाई मथुरा पुलिस विशेषकर जैत थाना पुलिस की पेशेवर दक्षता और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का सशक्त उदाहरण है।