वृन्दावन। सहारनपुर में 16 से 20 दिसंबर तक स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय कुराश प्रतियोगिता में परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 12 खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में सहभागिता की। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र विनीत कुंतल ने अंडर-19 वर्ग के 55 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, विद्यालय के ही छात्र सचिन सिंह राजाव ने अंडर-19 वर्ग के 81 किलोग्राम भार वर्ग में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक हासिल किया। विद्यालय के क्रीड़ा विभागाध्यक्ष रविन्द्र सिंह ने बताया कि SGFI द्वारा आयोजित इस अखिल भारतीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 800 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इतने कड़े मुकाबले में लगातार 6–7 मुकाबले जीतकर फाइनल तक पहुँचना और शीर्ष स्थान प्राप्त करना खिलाड़ियों के धैर्य, कठिन परिश्रम एवं अनुशासन का परिचायक है। इन छात्रों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल विद्यालय, बल्कि सम्पूर्ण ब्रज प्रांत, पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र एवं विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान को भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन शर्मा ने विजेता छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों में भी उत्कृष्टता प्राप्त करना अत्यंत आवश्यक है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में वही छात्र सफल होता है जो हर क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन करता है। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक शिवेन्द्र गौतम, उप प्रधानाचार्य ओमप्रकाश शर्मा, देवेंद्र गौतम, राहुल शर्मा, लखन कुंतल सहित समस्त आचार्यगणों ने विजेता छात्रों को शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।