मथुरा। पुलिस कमांडर श्लोक कुमार के निर्देश पर एसओजी मथुरा व थाना गोवर्धन पुलिस की संयुक्त टीम ने बीती रात बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामिया अन्तर्राजीय साइबर अपराधी शाहिद को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त शाहिद निवासी ग्राम देवसेरस लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में था और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में वर्ष 2017 से अब तक करीब 15 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार एसओजी मथुरा व गोवर्धन पुलिस चेकिंग अभियान पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम घोषित साइबर अपराधी शाहिद सकरवा बाईपास से निकलने वाला है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसओजी व गोवर्धन पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस को देखते ही अभियुक्त ने फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान शाहिद पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे मौके पर दबोच लिया गया। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु तत्काल अस्पताल भेजा गया है।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक कंट्रीमेड तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस दौरान अभियुक्त का एक अन्य साथी वैरी पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस द्वारा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
एसओजी मथुरा व गोवर्धन पुलिस की इस साहसिक कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की तत्परता व बहादुरी की सराहना की है।