विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वृंदावन में वर्टीकल व्यवस्था के तहत 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पागल बाबा परिसर में हेल्पडेस्क का शुभारंभ किया गया। हेल्पडेस्क का उद्घाटन मुख्य अभियंता राजीव गर्ग द्वारा किया गया।
इस अवसर पर शहरीय अधीक्षण अभियंता मुदित तिवारी, अधीक्षण अभियंता सुरेश सनोरिया सहित विद्युत विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि हेल्पडेस्क के माध्यम से उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति, बिलिंग, नई कनेक्शन प्रक्रिया, शिकायत निवारण सहित अन्य समस्याओं के समाधान में त्वरित सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने कहा कि उपभोक्ता संतुष्टि विभाग की प्राथमिकता है और हेल्पडेस्क की स्थापना से आम नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल उपभोक्ताओं और विद्युत विभाग के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगी।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने हेल्पडेस्क की कार्यप्रणाली की जानकारी दी और उपभोक्ताओं से इसका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।