वृन्दावन के अम्बेडकर पार्क के निकट राधानिवास क्षेत्र निवासी एजाज की 5 वर्षीय मासूम बेटे के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित के अनुसार 15 जनवरी की सुबह उसकी पत्नी अपने तीन बच्चों के साथ भूतेश्वर रेलवे स्टेशन से आगरा जाने के लिए निकली थी, लेकिन ट्रेन छूट जाने के कारण वह मथुरा जंक्शन पहुंची।
इसी दौरान रास्ते में उसकी पत्नी की मुलाकात करीब 58 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को भी आगरा जाने वाला यात्री बताया और बातचीत में उलझा लिया। कथित आरोपी ने भरोसा जीतते हुए महिला और बच्चों के साथ मथुरा जंक्शन तक सफर किया।
मथुरा जंक्शन पर ट्रेन का इंतजार करते समय महिला अपनी बेटी जायरा को लेकर वॉशरूम चली गई। इसी दौरान मौका पाकर कथित आरोपी ने महिला के 5 वर्षीय बेटे नुमान को बहला-फुसलाकर आगरा की ओर जाने वाली शटल ट्रेन में बैठा लिया और अपने साथ ले गया। जब महिला वापस लौटी तो बेटा गायब मिला, जिससे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी मथुरा सक्रिय हुई। पीड़ित एजाज की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस स्टेशन और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा शटल ट्रेनों और आगरा रूट पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
जीआरपी का कहना है कि आरोपी की उम्र करीब 58 वर्ष बताई जा रही है और उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को बच्चे या संदिग्ध व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत जीआरपी मथुरा को सूचित करें।
इस घटना ने रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।