सेवायत गोस्वामियों के कड़े विरोध के आगे झुकी हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी, परंपराएं बहाल
18 February 2026, 22:42
908 views
Religious
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज मंदिर में परंपराओं के विपरीत लिए गए निर्णय को लेकर बुधवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। बांके बिहारी हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी द्वारा ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज को नियमित रूप से जगमोहन में विराजमान कराने और गर्भगृह को लोहे की जंजीरों से बंद करने के फैसले का मंदिर के सेवायत गोस्वामियों और श्रद्धालुओं ने जमकर विरोध किया।
बुधवार दोपहर राजभोग सेवा के दौरान ठाकुर जी को जगमोहन में विराजमान कर भक्तों को दर्शन कराए गए। इसके बाद दोपहर में दर्शन बंद हो गए। जब शाम को शयनभोग सेवा के लिए सेवायत गोस्वामी मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि गर्भगृह पर ताला लगा हुआ है। यह देख सेवायत गोस्वामियों में भारी रोष फैल गया।
सेवायत वेणु गोस्वामी ने कमेटी पर परंपराएं तोड़ने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ठाकुर जी केवल प्रमुख त्योहारों पर ही जगमोहन से दर्शन देते हैं, जबकि कमेटी उन्हें रोजाना जगमोहन में विराजमान करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सेवायत के समय पर उपस्थित होने के बावजूद पूजा सेवा में ताला लगाकर जानबूझकर व्यवधान उत्पन्न किया गया, जो मंदिर की प्राचीन परंपराओं के खिलाफ है। सेवायत गोस्वामियों के संगठित और मुखर विरोध के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अंततः बांके बिहारी हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी को सेवायतों के आगे झुकना पड़ा। कुछ ही देर बाद गर्भगृह का ताला खोला गया और ठाकुर जी के दर्शन पुनः सुचारु रूप से प्रारंभ कराए गए।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद सेवायत गोस्वामियों ने स्पष्ट कर दिया कि मंदिर की परंपराओं से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी यदि ऐसा कोई प्रयास हुआ, तो उसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।