पानीगांव मार्ग स्थित यमुना जी के नए पुल पर शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। हादसे में एक युवक टक्कर लगने के बाद पुल से नीचे जा गिरा, जिसकी हालत गंभीर बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे आगरा रेफर किया गया है। वहीं, दो अन्य घायलों को उपचार के लिए सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार हाथरस जनपद के थाना हसायन क्षेत्र के गांव बरसामई निवासी अनिकेश (22) पुत्र विशन कुमार, राजेश कुमार (28) पुत्र अमरसिंह और आकाश (25) पुत्र श्रीराम काले रंग की पल्सर UP86-AU8771 से वृन्दावनसे वापस जा रहे थे। बताया गया है कि बाइक सवार युवक पुल पर रॉन्ग साइड जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही अज्ञात नीले रंग की बलेनो कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक उछलकर पुल से नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची 112 की पीआरवी ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल युवक की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया, जबकि अन्य दो युवकों का सौ शैय्या अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद बलेनो कार चालक मौके से चला गया। पुलिस द्वारा घटना की जांच करते हुए दुर्घटना में शामिल कार और उसके चालक की जानकारी जुटाई जा रही है।