श्री कृष्णम शरणम सोसाइटी की 9वीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत
25 February 2026, 17:38
1126 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
केशव धाम पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित श्री कृष्णम शरणम सोसाइटी में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में नौवीं मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवती को तत्काल रामकृष्ण मिशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान रितिका गोयल के रूप में हुई है, जो सोसाइटी के फ्लैट नंबर 802 में अपनी मां और बहन के साथ रहती थी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर पीतम पाल सिंह और वृंदावन थाना प्रभारी संजय कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार बुधवार को दोपहर के वक़्त डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई थी कि श्री कृष्णम शरणम सोसाइटी में एक युवती नौवीं मंजिल से गिर गई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि फ्लैट की बालकनी में शीशा नहीं लगा था, जिससे युवती का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गई। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह एक हादसा था, आत्महत्या का मामला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।