विश्व प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर में 3 मार्च को लगने वाले चन्द्रग्रहण के कारण ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज की सेवाओं, आरतियों और दर्शन की समय-सारिणी में परिवर्तन किया गया है। मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई समय-सारिणी जारी की गई है। मंदिर की हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष एवं इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रहण के कारण मंदिर की नियमित सेवाओं का समय बदला गया है, ताकि धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराए जा सकें। जारी समय-सारिणी के अनुसार प्रातःकाल 6:15 बजे दर्शन खुलेंगे, इसके बाद 6:25 बजे श्रृंगार आरती होगी। 6:30 बजे राजभोग सेवा प्रारम्भ होगी तथा 8:25 बजे राजभोग आरती संपन्न होगी। वहीं रात्रि में 8 बजे दर्शन खुलेंगे और 9:55 बजे शयन आरती के साथ ठाकुर जी की शयन सेवा संपन्न होगी। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बदले हुए समय के अनुसार ही श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचें।