प्रेम महाविद्यालय इंटर कॉलेज में प्रवक्ता से मारपीट, नामजद शिक्षकों पर मुकदमा दर्ज
3 March 2026, 15:30
1751 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
प्रेम महाविद्यालय इंटर कॉलेज में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत अजय कुमार मौर्य के साथ कथित मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीड़ित प्रवक्ता ने इस संबंध में थाना वृन्दावन में कुछ शिक्षकों और अन्य लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित अजय मौर्य के अनुसार 19 फरवरी को दोपहर करीब 3 बजे संस्कृत विषय की बोर्ड परीक्षा के दौरान विद्यालय प्रांगण में शिव शंकर गौतम, खुशबू भारती, सुनील कुमार वर्मा और सुरेश चंद्र लवानियां आपस में जोर-जोर से ठहाके लगाकर शोर कर रहे थे। इससे पास के कक्ष संख्या-2 में परीक्षा दे रहे छात्रों को परेशानी हो रही थी। अजय मौर्य का कहना है कि छात्रों की परेशानी को देखते हुए उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक शिव आधार सिंह यादव को इसकी सूचना दी। आरोप है कि सूचना देने से नाराज होकर शिक्षक शिव शंकर गौतम ने अजय मौर्य के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि “तुम कौन होते हो सूचना देने वाले” और उनके साथ गाली-गलौज व हाथापाई की। पीड़ित का यह भी आरोप है कि इसके बाद विद्यालय स्टाफ द्वारा उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा गया। अजय मौर्य के मुताबिक 23 फरवरी को दोपहर करीब 12 से 2 बजे के बीच महिला शिक्षक डॉ. खुशबू भारती और शिव शंकर गौतम ने 7-8 अज्ञात लोगों को विद्यालय में बुलाकर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट कराई। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसकी जांच से सच्चाई सामने आ सकती है। उनका यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान एक व्यक्ति ने खुद को डायट (जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान मथुरा) का प्रवक्ता बताते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर थाना वृन्दावन के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय ने शिव शंकर गौतम, डॉ. खुशबू भारती, सुनील कुमार वर्मा और सुरेश चंद्र लवानियां को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच एसआई देवेन्द्र सिंह को सौंप दी है। उनका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।