फूलों की होली और भजनों की गूंज से सराबोर हुआ तपस्वी गौड़िय मठ
6 March 2026, 22:04
578 views
General
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
श्री तपस्वी गौड़िय मठ में हनुमान चालीसा परिवार एवं क्षत्रिय करणी सेना सनातन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में होली महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर फूलों की सुगंध और भक्ति रस से सराबोर दिखाई दिया।
महोत्सव के अवसर पर राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकी सजाई गई, जिस पर श्रद्धालुओं ने लगभग 50 किलो पुष्प अर्पित कर फूलों की होली खेली। भक्तों ने जयकारों और भक्ति गीतों के बीच एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर ब्रज की पारंपरिक होली का आनंद लिया।
कार्यक्रम में भजन गायक मनवीर ने “आज बिरज में होरी रे रसिया” और “फाग खेलन बरसाने आए हैं नटवर नंद किशोर” जैसे प्रसिद्ध होली भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। वहीं प्राची चतुर्वेदी ने “रसिया को नार बनाओ” भजन प्रस्तुत किया, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे और भावपूर्ण नृत्य कर उत्सव की शोभा बढ़ाई।
इस दौरान सत्यभान शर्मा, राजीव शर्मा, लीला गौतम, करुणा शंकर त्रिवेदी, राकेश, गोविंद राघव, विजय पाल, विष्णु राठौर, संजय हरियाणा, राजन कृष्ण, विष्णुकांत भारद्वाज, श्याम बिहारी चतुर्वेदी, अनुज, ईशा गुप्ता, रीना, श्याम शर्मा और अर्जुन शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।