मुख्यमंत्री के वृंदावन दौरे से पहले सपा युवजन सभा के दो नेता हाउस अरेस्ट, जन समस्याओं पर देने वाले थे ज्ञापन
7 March 2026, 16:10
1575 views
Politics
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित वृंदावन आगमन से पहले स्थानीय प्रशासन ने समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव अशोक कुमार और अंकित वार्ष्णय को शनिवार सुबह उनके घर पर ही हाउस अरेस्ट कर लिया। दोनों नेता मुख्यमंत्री को वृंदावन की जन समस्याओं को लेकर चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपने की तैयारी में थे।
बताया गया है कि अशोक कुमार और अंकित वार्ष्णय मुख्यमंत्री के सामने वृंदावन की प्रमुख समस्याओं को उठाने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया। हाउस अरेस्ट किए जाने को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि जन समस्याओं को उठाने की आवाज को दबाया जा रहा है। ज्ञापन में पहला मुद्दा वृंदावन में बिक रही मिठाइयों की गुणवत्ता से जुड़ा था। नेताओं का आरोप है कि वृंदावन देशभर में मिठाई उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है और यहां आने वाले श्रद्धालु ठाकुर जी को भोग लगाने के लिए मिठाई खरीदते हैं, लेकिन कई स्थानों पर 200 रूपये किलो तक बिक रही मिठाई की गुणवत्ता बेहद खराब है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताई जा रही है। इस पर प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
दूसरा मुद्दा ब्रज की जीवनदायिनी यमुना के बढ़ते प्रदूषण से जुड़ा है। नेताओं का कहना है कि यमुना का जल इतना दूषित हो चुका है कि बाहर से आने वाले श्रद्धालु आचमन तक नहीं कर पा रहे हैं। तीसरे मुद्दे में वृंदावन में लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को उठाया गया, जिसमें कहा गया कि आए दिन घंटों जाम लगने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी होती है, यहां तक कि बीमार व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने में भी लंबा समय लग जाता है। चौथे मुद्दे में पूरे वृंदावन शहर में फैली गंदगी और सफाई व्यवस्था की खराब स्थिति को प्रमुख समस्या बताया गया है। नेताओं का कहना है कि कई बार प्रशासन को ज्ञापन देने के बावजूद इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। वहीं प्रशासन द्वारा दोनों नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।