सरकारी अभियान में गुंडागर्दी! गौशाला कर्मचारियों ने निगम लिपिक को पीटा, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
9 March 2026, 14:23
1640 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के वृन्दावन जोन में तैनात लिपिक सत्यप्रकाश दीक्षित के साथ सोमवार को सरकारी कार्य के दौरान मारपीट की गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि बारह घाट स्थित राधा कृष्ण गौशाला के कर्मचारियों ने न केवल निगम टीम के काम में बाधा डाली, बल्कि विरोध करने पर लिपिक के साथ हाथापाई भी कर दी।
दरअसल, सोमवार को प्रस्तावित राज्यपाल के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने शहर में आवारा गौवंश पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में निगम लिपिक सत्यप्रकाश दीक्षित अपनी टीम के साथ परिक्रमा में पापड़ी चौराहे से बांके बिहारी मंदिर मार्ग तक आवारा गौवंश पकड़ने की कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान राधा कृष्ण गौशाला के बाहर कुछ कर्मचारी सड़क पर टेबल लगाकर घूम रही गायों को चारा खिला रहे थे। निगम टीम ने उन्हें सड़क पर चारा डालने से मना किया और अभियान में सहयोग करने को कहा। आरोप है कि गौशाला के कर्मचारी भड़क गए और निगम लिपिक सत्यप्रकाश दीक्षित के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे आरोपी कर्मचारी को हिरासत में लेकर थाने ले आई। थाना प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने सत्यप्रकाश दीक्षित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दे दिए हैं। इस सम्बन्ध में दूसरे पक्ष से जब संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।