आगामी 19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित वृंदावन आगमन को लेकर पूरे जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए विभिन्न सरकारी विभाग अपनी-अपनी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं।
इसी क्रम में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों ने शनिवार को वृंदावन के प्रमुख धार्मिक स्थलों और मार्गों का निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने नीम करोली बाबा आश्रम, इस्कॉन, उड़िया बाबा आश्रम, केली कुंज आश्रम, रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल और प्रेम मंदिर सहित आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान कई स्थानों पर लटक रही विद्युत केबिलों को ठीक कराया गया और डीपी बॉक्स को सीधा कर उन्हें सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी या दुर्घटना की संभावना न रहे। अधिकारियों ने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के आगमन से पहले सभी विद्युत व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं और कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता राजीव गर्ग, अधिशासी अभियंता अनिल कुमार कपिल, एसडीओ संदीप वार्ष्णेय तथा जेई रवि कुमार मौर्य सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।