ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के सेवायत शशांक गोस्वामी ने अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में थाना जैत में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार बांके बिहारी मंदिर में सेवायत शशांक गोस्वामी अपने परिवार के साथ छटीकरा-वृन्दावन रोड स्थित कृष्णा ग्रीन सोसाइटी के फ्लैट C-102 में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंदिर में सेवा का कार्य होने के कारण उन्हें दिन और शाम के समय अधिकतर मंदिर में ही रहना पड़ता है, जिससे वे अक्सर अपने परिवार के पास घर नहीं रह पाते। शशांक गोस्वामी का आरोप है कि उसी सोसाइटी के फ्लैट C-104 में रहने वाला अभिराम उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करता है और गंदी टिप्पणियां करता है। पीड़ित सेवायत का कहना है कि जब उन्होंने इस बारे में अभिराम से बात करने का प्रयास किया तो वह उल्टा उनके साथ गाली-गलौच करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। इस पूरे मामले में थाना जैत पुलिस ने शशांक गोस्वामी की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।