राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस्कॉन मंदिर में किया पूजन-अर्चन
20 March 2026, 06:56
704 views
Religious
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
धार्मिक नगरी वृंदावन में उस समय आध्यात्मिक वातावरण और भी अलौकिक हो उठा, जब देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस्कॉन मंदिर (श्रीकृष्ण बलराम मंदिर) में पहुंचकर विधि-विधान से भगवान के दर्शन एवं पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उनके साथ मौजूद रहीं।
मंदिर पहुंचने पर राष्ट्रपति एवं राज्यपाल का स्वागत इस्कॉन के पंचगौड़ा दास, जनार्दन दास, विष्णुनाम दास, शुतकीर्ति दास, रवि लोचन दास एवं देवदत्त स्वामी द्वारा किया गया। स्वागत के पश्चात राष्ट्रपति ने श्रद्धा भाव से भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद की समाधि स्थल के दर्शन किए और परिक्रमा कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने श्रीकृष्ण बलराम मंदिर में वैदिक विधि से पूजा-अर्चना की। पुजारियों द्वारा निरंतर हो रहे मंत्रोच्चारण के बीच उन्होंने पूजन सामग्री भगवान को अर्पित की। पूरे मंदिर परिसर में गूंजते वैदिक मंत्रों ने वातावरण को पूर्णतः भक्तिमय बना दिया। राष्ट्रपति ने हाथ जोड़कर प्रभु का स्मरण कर देशवासियों के कल्याण की कामना की। अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति ने मंदिर परिसर में बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी अवलोकन किया और भक्ति भाव से हो रहे कीर्तन को सुना। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का यह दौरा न केवल आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा, बल्कि वृंदावन की वैश्विक धार्मिक पहचान को भी एक नई ऊंचाई प्रदान करने वाला साबित हुआ।