राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नीम करौरी बाबा आश्रम में किया पूजन
20 March 2026, 12:52
1486 views
Religious
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
देश की प्रथम नागरिक द्रौपदी मुर्मु ने नीम करौरी बाबा आश्रम पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। उनके साथ प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं।
राष्ट्रपति का आश्रम में आगमन देवी मंदिर की ओर से हुआ, जहां उनका पारंपरिक रूप से भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के बाद राष्ट्रपति ने सबसे पहले हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मंदिर की परिक्रमा लगाई। इस दौरान पूरे परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला। हनुमान मंदिर के दर्शन के उपरांत राष्ट्रपति नीम करौरी बाबा की समाधि स्थल पर पहुंचीं, जहां उन्होंने पूजा और परिक्रमा की। आश्रम की ओर से उन्हें प्रसाद, पटुका, बाबा जी का छायाचित्र एवं कंबल भेंट स्वरूप प्रदान किया गया। राष्ट्रपति मुर्मु ने बाबा की कुटिया के दर्शन करने के साथ-साथ आश्रम स्थित संग्रहालय का भी बारीकी से अवलोकन किया। संग्रहालय में प्रदर्शित बाबा से जुड़ी दुर्लभ वस्तुओं और ऐतिहासिक जानकारियों में उन्होंने विशेष रुचि दिखाई। पूरे कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति और राज्यपाल को आश्रम के विभिन्न स्थलों हनुमान मंदिर, श्रीराम दरबार, समाधि स्थल, कुटिया एवं संग्रहालय का विस्तृत विवरण दिया गया। अंत में राष्ट्रपति ने दान पेटिका में श्रद्धा स्वरूप दान अर्पित कर अपनी आस्था व्यक्त की। यह दौरा न केवल एक आध्यात्मिक यात्रा रहा, बल्कि नीम करौरी बाबा की देश-विदेश में फैली आस्था और उनके प्रति श्रद्धालुओं के अटूट विश्वास को भी एक बार फिर उजागर कर गया।