वृंदावन जाम से बेहाल : व्यापारियों का फूटा गुस्सा, सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
30 March 2026, 21:42
1078 views
General
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
धार्मिक नगरी वृंदावन में दिन-ब-दिन विकराल होती जा रही जाम की समस्या को लेकर अब व्यापारियों ने खुलकर विरोध जताना शुरू कर दिया है। सोमवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की। महानगर अध्यक्ष साकेत अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा, जहां उन्होंने शहर की चरमराई यातायात व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त की। ज्ञापन में बताया गया कि शहर की प्रमुख सड़कें, बाजार और मंदिर मार्ग दिनभर जाम की गिरफ्त में रहते हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर अध्यक्ष पवन ठाकुर ने कहा कि लगातार जाम की वजह से व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्राहक बाजार तक आने से बच रहे हैं, जिससे कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है। वहीं, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी रास्ता नहीं मिल पा रहा, जो कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। व्यापारियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। यातायात पुलिस की व्यवस्था भी नाकाफी साबित हो रही है, जिससे हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। व्यापारियों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो व्यापारी वर्ग आंदोलन करने को मजबूर होगा। साथ ही एक बड़ी महा बैठक बुलाने की भी बात कही गई है। शहर में व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा, सुचारू ट्रैफिक संचालन, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, विशेष ट्रैफिक प्लान का तत्काल क्रियान्वयन करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि समस्या के समाधान के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान सोनू हाथी, विजय राघव, राहुल अग्रवाल, देवास अग्रवाल, विनय ठाकुर, मृदुल शर्मा, हिमांशु भारद्वाज, तरुण अग्रवाल और अखिलेश पाठक समेत कई व्यापारी नेता मौजूद रहे।