वृन्दावन में पुलिस का बड़ा एक्शन : तीन शातिरों पर गैंगस्टर की कार्रवाई
6 April 2026, 15:44
1411 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
थाना वृन्दावन पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई कर कड़ा संदेश दिया है। पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना गौरव (25 वर्ष) निवासी चन्द्रसखी मोहल्ला, केसीघाट है। इसके साथ रोहित (21 वर्ष) निवासी ग्राम स्याहरा, थाना शेरगढ़ और विमल उर्फ लड्डू (25 वर्ष) निवासी केसीघाट भी इस गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह संगठित तरीके से छिनैती और चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देता था। आरोपियों पर अवैध असलाह रखने, गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर जानलेवा फायरिंग करने जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त होने के भी आरोप हैं। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि यह गैंग आर्थिक लाभ के लिए योजनाबद्ध तरीके से अपराध करता था। इनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई कर इनके नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बताया गया है कि इस गिरोह का आतंक इतना था कि आम लोग इनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने से भी डरते थे। गैंग की सक्रियता अंतरजनपदीय स्तर तक फैली हुई थी, जिससे पुलिस के लिए यह बड़ी चुनौती बना हुआ था। वृन्दावन पुलिस ने साफ कर दिया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।