लोई बाजार में दिनदहाड़े बवाल : गंगोत्री एम्पोरियम पर हमला, व्यापारियों में आक्रोश
6 April 2026, 16:40
2073 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
लोई बाजार स्थित गंगोत्री एम्पोरियम पर बीती 4 अप्रैल को दोपहर करीब एक बजे कुछ दबंगों द्वारा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रतिष्ठान के स्वामी गौरव अग्रवाल के अनुसार 4-5 लोग एक राय होकर दुकान पर पहुंचे और आते ही अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। घटना में मुख्य आरोपी के रूप में जहांगीरपुर निवासी राहुल का नाम सामने आया है, जिसके साथ पवन, धनुआ और ठाकुर नामक व्यक्ति भी शामिल थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर गौरव अग्रवाल और उनके पिता के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। हमलावरों का कहर यहीं नहीं रुका। दुकान में मौजूद कर्मचारियों को भी बेरहमी से पीटा गया। इस दौरान कर्मचारी सूरज शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक हुई इस घटना से गंगोत्री एम्पोरियम में अफरा-तफरी मच गई और पूरे बाजार में दहशत फैल गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि आरोपियों ने दुकान में जमकर उत्पात मचाया, जिससे व्यापार को आर्थिक नुकसान भी हुआ है। थाना वृन्दावन के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई देवेन्द्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।