वृन्दावन में बड़ा साइबर फ्रॉड : शेयर ट्रेडिंग के नाम पर महिला से 30 लाख से अधिक की ठगी
10 April 2026, 13:32
783 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
वृन्दावन में साइबर अपराधियों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ताजा मामला गोपीनाथ नगला निवासी एक महिला के साथ सामने आया है, जहां एक अज्ञात ठग ने खुद को शेयर ट्रेडिंग का एक्सपर्ट बताकर लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फोन कॉल के माध्यम से संपर्क किया और खुद को निवेश विशेषज्ञ बताते हुए शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। लालच में आकर महिला ने आरोपी के बताए विभिन्न बैंक खातों में RTGS और UPI के माध्यम से लगातार पैसे जमा कराए। रश्मि ने 2 मार्च से 2 अप्रैल के बीच HDFC Bank, State Bank of India सहित अन्य खातों में रकम ट्रांसफर की। इसके अलावा जन सुविधा केंद्र के माध्यम से भी धनराशि जमा कराई गई। बताया जा रहा है कि करीब 5 लाख रुपये सिर्फ UPI ट्रांजैक्शन के जरिए भेजे गए। ठग द्वारा बार-बार कॉल कर भरोसा दिलाया जाता रहा कि जमा की गई रकम को कई गुना बढ़ाकर वापस किया जाएगा, लेकिन जब काफी समय बीतने के बाद भी कोई लाभ नहीं मिला, तब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ। इस साइबर ठगी में कुल 30 लाख 36 हजार 124 रुपये की रकम का नुकसान हुआ है। पीड़ित महिला ने थाना साइबर पुलिस से पूरी रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। विशेष रूप से शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि इस तरह के झांसे में न आएं और सतर्क रहें, ताकि साइबर ठगों के मंसूबों पर पानी फेरा जा सके।