डिम्पल यादव ने बाँके बिहारी के किए दर्शन, यमुना नाव हादसे पर जताया गहरा शोक
11 April 2026, 15:30
1112 views
Politics
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता डिम्पल यादव ने शनिवार को विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मन्दिर पहुँचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर के सेवायतों ने उन्हें पारंपरिक रीति से पूजन कराया, जिसके बाद उन्होंने ठाकुर जी के दर्शन कर देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। दर्शन के पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए डिम्पल यादव ने वृन्दावन में यमुना में हुए नाव हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। डिम्पल यादव ने कहा कि यह हादसा सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है और इसके लिए सरकार भी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन व्यवस्थाओं की कमी के चलते ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जो अत्यंत चिंताजनक हैं। उन्होंने मांग की कि इस हादसे की निष्पक्ष जांच हो और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं। इस अवसर पर युवजन सभा के प्रदेश सचिव अशोक कुमार और महानगर अध्यक्ष अंकित वार्ष्णेय सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने डिम्पल यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्हें माला और पटुका पहनाकर सम्मानित किया गया तथा ठाकुर बांके बिहारी का चित्रपट भेंट किया।