भागवाताचार्य पर हमला ! वृंदावन में मृदुल कांत को घेरकर पीटा, रुद्राक्ष की माला छीनी
11 April 2026, 23:39
1607 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
पत्थरपुरा निवासी भगवाताचार्य मृदुल कांत शर्मा पर शनिवार दोपहर मारपीट करने का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृदुल कांत यमुना सिटी कॉलोनी, देवी आटस से वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी वृंदावन बस स्टैंड के पास पहुंची, तभी नंबर DL7CX3102 की कार ने खतरनाक तरीके से ओवरटेक करते हुए सामने से टक्कर मार दी। इस टक्कर में उनकी गाड़ी UP85CQ2789 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद जब उनके ड्राइवर भगवान सिंह ने आपत्ति जताई, तो दूसरी गाड़ी से उतरे दिल्ली निवासी सुरेंद्र सिंह समेत पांच लोगों ने अचानक आक्रामक रुख अपना लिया। आरोप है कि इन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मृदुल कांत के साथ बेरहमी से मारपीट की। इतना ही नहीं, उनके कपड़े फाड़ दिए गए और गले में पहनी सोने की रुद्राक्ष माला भी तोड़कर गायब कर। घटना के दौरान आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई। प्रत्यक्षदर्शीयों के अनुसार आरोपियों के साथ मौजूद महिलाओं ने मृदुल कांत के दोनों हाथों को पीछे से पकड़ लिया था, उसके बाद मारपीट की थी। मौके पर मौजूद गोपाल दास, भगवान सिंह और सोनू वर्मा ने किसी तरह बीच-बचाव कर मृदुल कांत को आरोपियों से बचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृदुल कांत की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच मथुरा गेट चौकी इंचार्ज अरुण त्यागी को सौंप दी है। गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है जब मृदुल कांत के साथ अभद्रता हुई हो। कुछ माह पूर्व बांके बिहारी मंदिर में भी उनके साथ कुर्ता फाड़ने की घटना सामने आई थी, वहीं करीब दो वर्ष पहले रंगजी मंदिर के पास होली पर उनके आश्रम के बाहर भी पुलिस के साथ विवाद की स्थिति बनी थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और संत समाज में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि एक सम्मानित भगवाताचार्य के साथ इस प्रकार की घटना बेहद निंदनीय है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।