मृदुल कांत शास्त्री v/s श्रद्धालु मारपीट मामला : आरोपियों को मिली ज़मानत
12 April 2026, 23:42
1513 views
General
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
वृन्दावन के बस स्टैंड के बाहर बीते शनिवार दोपहर विख्यात कथावाचक मृदुल कांत शास्त्री और दिल्ली से आए श्रद्धालुओं के बीच हुई मारपीट की घटना में नया अपडेट सामने आया है। इस मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर थाना वृन्दावन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामज़द आरोपियों को रविवार शाम न्यायालय के समक्ष पेश किया। पुलिस द्वारा पेश किए गए आरोपियों में दिल्ली के कड़कड़डूमा निवासी वंदना, संदीप सिंह, शशिवाला, सुषमा, सुरेंद्र सिंह और उज्जवल शामिल रहे। न्यायालय में सुनवाई के दौरान सभी पक्षों को ध्यानपूर्वक सुना गया और विधिक प्रक्रिया का पालन किया गया। मामले की सुनवाई के उपरांत माननीय न्यायालय ने सभी आरोपियों को ज़मानत पर रिहा करने का आदेश दिया। यह निर्णय न्यायालय द्वारा उपलब्ध तथ्यों और कानूनी प्रावधानों के आधार पर लिया गया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि न्यायिक प्रक्रिया पूरी निष्पक्षता और मर्यादा के साथ संपन्न हुई।