अक्षय तृतीया पर वृन्दावन में विशेष तैयारियां, श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता
16 April 2026, 22:27
321 views
General
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
धार्मिक नगरी वृन्दावन में आगामी 20 अप्रैल को मनाई जाने वाले अक्षय तृतीया पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने वृन्दावन स्थित पर्यटन थाना के सभागार में विभिन्न विभागों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि अक्षय तृतीया पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए वृन्दावन को 3 जोन और 11 सेक्टर में विभाजित किया गया है, जहां सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि प्रमुख स्थानों पर 10 मेडिकल टीमें और 5 एंबुलेंस तैनात की जाएं। साथ ही वृन्दावन परिक्रमा मार्ग को सीसीटीवी कैमरों और पीए सिस्टम से लैस करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा सके। विद्युत विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा गया कि परिक्रमा मार्ग और मंदिरों के आसपास सभी विद्युत पोल की रैपिंग की जाए, लटकते तारों को व्यवस्थित किया जाए। साथ ही कर्मचारियों की मौके पर नियमित मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि अक्षय तृतीया पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर निगम को बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, दिशा सूचक चिन्ह लगाने और गर्मी से राहत के लिए पंखे व कूलर लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अग्निशमन विभाग को अलर्ट रहने, ग्रामीण क्षेत्रों और घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, जूता-चप्पल घर की मैपिंग करने और भीड़ बढ़ने पर होल्डिंग एरिया बनाने के निर्देश भी दिए गए। होल्डिंग एरिया में मैटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन ने पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने और होटल संचालकों के साथ समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया है, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा, एस0पी0 सिटी राजीव कुमार सिंह, एस0पी0 यातायात मनोज कुमार, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन धीरेंद्र प्रताप सिंह और एसएचओ वृन्दावन संजय कुमार पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।