ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मी से मारपीट, तीन युवकों पर केस दर्ज
23 April 2026, 22:30
1896 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
धार्मिक नगरी वृन्दावन में कानून व्यवस्था को चुनौती देने का मामला सामने आया है। यातायात पुलिस के हैड कांस्टेबल अतुल कुमार के साथ ड्यूटी के दौरान मारपीट और अभद्रता करने वाले तीन युवकों के खिलाफ थाना वृन्दावन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते बुधवार शाम करीब पौने छह बजे पंचायती गौशाला बैरियर पर ड्यूटी के दौरान अतुल कुमार ने देखा कि स्कूटी सवार तीन युवक देव उर्फ दिव्यांश निवासी बागबुन्देला, दीपक गोस्वामी व एक अज्ञात साथी मारुति कार चालक से बीच सड़क पर झगड़ा कर रहे थे। इस विवाद के चलते मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जब हैड कांस्टेबल अतुल कुमार यातायात को सुचारू कराने और विवाद शांत कराने पहुंचे, तो आरोप है कि तीनों युवक नशे की हालत में उन पर ही भड़क उठे। युवकों ने पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई, मारपीट और गाली-गलौज की, यहां तक कि वर्दी में तैनात सिपाही को जान से मारने की धमकी तक दे डाली। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे आरोपियों की हरकतें उजागर हो गई हैं।
थाना वृन्दावन प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि पीड़ित हैड कांस्टेबल की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।