डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 2 करोड़ की साइबर ठगी, CBI–RBI अधिकारी बनकर महिला को बनाया निशाना
24 December 2025, 11:39
983 views
Crime
None | Exclusive Bulletin
मथुरा में साइबर ठगों का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खुद को CBI और RBI का उच्च अधिकारी बताने वाले साइबर अपराधियों ने एक महिला को डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर 2 करोड़ 4 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता की तहरीर पर साइबर थाना पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिरला मंदिर पुलिस चौकी क्षेत्र की रहने वाली महिला के मोबाइल पर 4 नवंबर को एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को सरकारी एजेंसी से जुड़ा बताते हुए कहा कि महिला का आधार आईडी हैक हो चुका है और उसके बैंक खाते का पैसा आतंकवादी गतिविधियों में इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके बाद ठगों ने महिला को इस कदर डरा दिया कि वह मानसिक दबाव में आ गई।
साइबर ठगों ने महिला से उसके बैंक खातों की पूरी जानकारी हासिल कर ली और धमकी दी कि अगर उसने तुरंत पैसा ट्रांसफर नहीं किया तो उसके SBI खाते की पूरी रकम गायब कर दी जाएगी। यही नहीं, ठगों ने यह भी कहा कि महिला का बेटा, जो लंदन में रहता है, उसे इंटरपोल के जरिए गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया जाएगा, जिससे उसका भविष्य बर्बाद हो जाएगा।
डर और दबाव में आकर महिला ने ठगों के कहने पर अपने SBI खाते से अलग-अलग तारीखों में रकम ट्रांसफर कर दी—
24 नवंबर: 85 लाख रुपये
6 दिसंबर: 90 लाख रुपये
16 दिसंबर: 29 लाख रुपये
इस तरह वीडियो कॉल पर खुद को CBI और RBI का अधिकारी बताकर साइबर ठगों ने महिला से RTGS के जरिए कुल 2 करोड़ 4 लाख रुपये हड़प लिए।
जब महिला को ठगी का अहसास हुआ और उसने पैसे वापस मांगे तो पहले आरोपी उसे आश्वासन देते रहे, लेकिन बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
साइबर थाना पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि—
कोई भी सरकारी एजेंसी फोन या वीडियो कॉल पर पैसे ट्रांसफर करने को नहीं कहती
CBI, RBI या पुलिस कभी भी डिजिटल अरेस्ट नहीं करती
ऐसी किसी भी कॉल पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत करें
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि साइबर ठग डर, धमकी और सरकारी रुतबे का इस्तेमाल कर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। सतर्क रहें, जागरूक बनें और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें।