गोपीश्वर नाथ महादेव मंदिर की सेवाधिकारी मीनाक्षी का सड़क दुर्घटना में निधन
8 May 2026, 20:28
1408 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
वृन्दावन की धार्मिक नगरी शुक्रवार शाम उस समय शोक में डूब गई, जब गोपीश्वर नाथ महादेव मंदिर की सेवाधिकारी मीनाक्षी गोस्वामी की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में एक अन्य युवक की भी जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्याप्त है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच पानीगांव–मांट मार्ग स्थित राधारानी मानसरोवर मंदिर के समीप स्कूटी और मोटरसाइकिल की आमने-सामने से भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन चालक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की आवाज दूर तक सुनाई दी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची जमुनापार पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्कूटी चालक की पहचान मीनाक्षी गोस्वामी के रूप में हुई, जबकि दूसरे मृतक की पहचान गिरधारी के रूप में बताई गई है। जो मांट के नजदीक का निवासी बताया जा रहा है।मीनाक्षी गोस्वामी के निधन की खबर मिलते ही मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। देर शाम तक मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों का तांता लगा रहा। हर किसी की जुबान पर बस यही सवाल था कि आखिर कुछ ही पलों में जिंदगी इतनी बेरहमी से कैसे छिन गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।