वृन्दावन के चर्चित पम्मी गोस्वामी गोलीकांड मामले में थाना वृन्दावन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। व्यासघेरा निवासी दयाल कृष्ण गोस्वामी की तहरीर पर पुलिस ने 6-7 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया है। दर्ज मुकदमे के अनुसार बीते गुरुवार की रात प्रमेन्द्र गोस्वामी उर्फ पम्मी पानीगांव स्थित ऑफिस से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रात करीब सवा दस बजे पानीगांव पुल पर पहले से मौजूद 6-7 अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद जान से मारने की नीयत से उनके सीने में गोली मार दी गई। मुकदमे में कहा गया है कि हमलावर पम्मी गोस्वामी को मृत समझकर मौके से फरार हो गये, जबकि गंभीर हालत में घायल पम्मी ने अपने परिचितों को फोन कर मदद मांगी। बाद में उन्हें उपचार के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। थाना प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि मामले में बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 190 और 109(1) के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। घटना की जांच मथुरा गेट पुलिस चौकी प्रभारी अरुण त्यागी को सौंपी गई है। पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है।