सिंधिया देवस्थान ट्रस्ट के मंदिर को लेकर बवाल ! जमीन विवाद के बीच अब SC/ST एक्ट में मुकदमा, शहर में साजिश की चर्चाएं तेज
10 May 2026, 22:40
1018 views
Crime
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
गोपेश्वर रोड स्थित सिंधिया देवस्थान ट्रस्ट के राधा गोपाल मंदिर को लेकर विवाद अब और गर्माता दिखाई दे रहा है। पहले मंदिर की जमीन हड़पने का मुकदमा और अब मरम्मत कार्य कर रहे युवक की ओर से SC/ST एक्ट में एफआईआर दर्ज होने के बाद पूरे मामले ने सनसनी फैला दी है। मुरैना निवासी आशिक जाटव ने थाना वृन्दावन में आधा दर्जन लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए अभियोग दर्ज कराया है। पीड़ित का कहना है कि वह बीते शनिवार को मंदिर परिसर में ट्रस्ट की ओर से चल रहे मरम्मत कार्य में लगा हुआ था। तभी वहां रह रहे विकास गौड़, मनमोहन गौड़, रेनू गौड़, दीपक गोस्वामी, मीना गोस्वामी और शरद कुलश्रेष्ठ एकजुट होकर उसके पास पहुंचे और काम रोकने का दबाव बनाने लगे। आरोप है कि जब आशिक ने बताया कि उसे ट्रस्ट की ओर से मरम्मत कार्य के लिए बुलाया गया है, तब आरोपियों ने उसका नाम और पहचान पूछी। जैसे ही उसने अपना नाम बताया, माहौल अचानक गर्म हो गया। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी और सरियों से हमला बोल दिया। आशिक का कहना है कि वह जान बचाने के लिए चिल्लाया, जिसके बाद वहां मौजूद मजदूर, ट्रस्ट से जुड़े लोग और चौकीदार मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय ने आरोपियों के खिलाफ SC/ST एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने अब कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दरअसल, इसी मंदिर को लेकर बीते 19 अप्रैल को मंदिर के पुजारी संजय चौबे ने 9 लोगों के खिलाफ ट्रस्ट की जमीन हड़पने का आरोप लगाते हुए थाना वृन्दावन में केस दर्ज कराया था। उस मामले की जांच एसआई देवेन्द्र सिंह को सौंपी गई थी। अब लगातार दूसरे मुकदमे के बाद नगर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या मंदिर और ट्रस्ट की जमीन को लेकर चल रही खींचतान अब कानूनी लड़ाई का रूप ले चुकी है? क्या पहले जमीन कब्जाने का मुकदमा और फिर अचानक SC/ST एक्ट में एफआईआर दर्ज होना किसी बड़ी रणनीति का हिस्सा है ? फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है, लेकिन वृन्दावन के धार्मिक और सामाजिक गलियारों में इस विवाद ने हलचल मचा दी है।