NOC के बिना चल रहा था होटल ! अब विद्युत विभाग के रडार पर आया मृत्युंजय शर्मा
4 June 2026, 23:09
1243 views
General
वृन्दावन | विकास अग्रवाल
धार्मिक नगरी वृन्दावन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। प्रेम मंदिर के सामने स्थित होटल GSM पर विद्युत सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। होटल संचालक मृत्युंजय शर्मा को विद्युत सुरक्षा विभाग ने नोटिस जारी करते हुए तीन कार्य दिवस के भीतर सभी आवश्यक NOC प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, अन्यथा विद्युत संयोजन विच्छेदित करने की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार होटल का संचालन मृत्युंजय शर्मा पुत्र गोविंद प्रसाद कातिव द्वारा किया जा रहा है। जांच में सामने आया कि होटल में 20 किलोवाट भार का विद्युत संयोजन होने के बावजूद आज तक उ०प्र० विद्युत सुरक्षा अधिनियम-2010 की धारा 132 के अंतर्गत अनिवार्य विद्युत सुरक्षा अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं किया गया। मथुरा की सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा निधि तथा वृन्दावन के सहायक अभियंता संदीप वार्ष्णेय द्वारा किए गए संयुक्त निरीक्षण में होटल परिसर में कई गंभीर खामियां पाई गईं। परिसर में ट्रांसफार्मर, स्वीकृत विद्युत लोड, जनरेटर, लिफ्ट और ग्रिड कनेक्टेड सोलर प्लांट बिना वैधानिक NOC के संचालित किए जा रहे हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि होटल एक संकरी गली में स्थित है, जहां किसी भी आपातकालीन स्थिति में फायर ब्रिगेड की गाड़ी का समय पर पहुंचना लगभग असंभव है। ऐसे में यदि कोई हादसा होता है तो सैकड़ों श्रद्धालुओं की जान जोखिम में पड़ सकती है। विभाग ने इसे शासन के निर्देशों और विद्युत सुरक्षा मानकों का खुला उल्लंघन माना है। सहायक अभियंता ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि तीन कार्य दिवस के भीतर विद्युत सुरक्षा NOC प्रस्तुत नहीं किया गया तो होटल का विद्युत संयोजन काट दिया जाएगा। वहीं सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा ने भी अलग से नोटिस जारी कर सभी विद्युत स्थापनाओं की वैधानिक स्वीकृतियां प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) के नियमों के अनुसार किसी भी व्यावसायिक या औद्योगिक विद्युत स्थापना को संचालन में रखने से पहले विद्युत सुरक्षा अधिकारी से निरीक्षण कराकर NOC प्राप्त करना अनिवार्य है। इसके बावजूद नियमों को दरकिनार कर संचालन किया जाना कानूनी उल्लंघन माना जाता है। चौंकाने वाली बात यह भी है कि यह वही मृत्युंजय शर्मा हैं जिसका नाम कुछ दिन पूर्व विद्युत विभाग के एक संविदाकर्मी पर तेजाब फेंकने की कथित धमकी से जुड़े वायरल ऑडियो में सामने आया था। हालांकि बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन अब एक बार फिर मृत्युंजय शर्मा का नाम विद्युत विभाग की कार्रवाई के केंद्र में आ गया है। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतने वर्षों से बिना आवश्यक विद्युत सुरक्षा NOC के होटल का संचालन कैसे होता रहा? और यदि विभाग की जांच में आरोप सही पाए गए हैं तो श्रद्धालुओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर आगे क्या कार्रवाई होगी? इस पूरे मामले पर विभाग की अगली चाल पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।