धार्मिक नगरी वृन्दावन के गौरानगर क्षेत्र के लिए आज का दिन बेहद दुखद रहा। पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता लीलाधर सिंह का आज प्रातः लगभग 7 बजे हार्ट अटैक के चलते निधन हो गया। उन्होंने रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली।
करीब तीन माह पूर्व उन्होंने लीवर ट्रांसप्लांट कराया था और स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे, लेकिन आज अचानक आई इस दुखद खबर ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। लीलाधर सिंह केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले ऐसे नेता थे, जिन पर गौरानगर की जनता आंख बंद कर भरोसा करती थी। उन्होंने मथुरा-वृन्दावन नगर निगम में पार्षद तथा नगर पालिका परिषद में सभासद के रूप में जनसेवा की और अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व तथा जनहित के कार्यों से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। उनके निधन से गौरानगर सहित पूरे वृन्दावन में शोक की लहर है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उन्होंने एक ऐसा जननेता खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उनकी अंतिम यात्रा सायं 4 बजे गोविन्द कुंड स्थित निवास से मोक्ष धाम के लिए प्रस्थान करेगी।