बदमाशों की फायरिंग के बीच डटी रही पुलिस, तीनों आरोपी घायल… तमंचे, कारतूस और लूटी गई चैन बरामद

परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मुस्तैद वृन्दावन पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। महिलाओं के गले से चैन झपटने वाले तीन शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार कर लिए गए। बदमाशों की फायरिंग के दौरान प्रभारी निरीक्षक वृन्दावन संजय कुमार पाण्डेय की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी, लेकिन सुरक्षा कवच के कारण वह सुरक्षित बच गए।

पुलिस के अनुसार देर रात प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय हमराह अमित कुमार और चालक शैलेश कुमार के साथ केसीघाट क्षेत्र में शांति व्यवस्था की ड्यूटी पर थे। इसी दौरान वायरलेस सेट पर सूचना मिली कि परिक्रमा मार्ग में लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं और महिलाओं के पास बाइक की रफ्तार धीमी कर उनके गले से चैन छीनने का प्रयास कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ने तत्काल मोर्चा संभाला और थाने के अधिकतम पुलिस बल को परिक्रमा मार्ग पर उतार दिया। पुलिस टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक जगन्नाथ घाट के पास पुलिस टीम को लाल रंग की एक्सट्रीम बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने बाइक को कच्चे रास्ते पर दौड़ा दिया और भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो करीब 400 मीटर आगे बाइक गड्ढे में फंसकर गिर गई।

इसके बाद बदमाशों ने पैदल भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस को डराकर भागने के इरादे से कई राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली प्रभारी निरीक्षक संजय पाण्डेय की बुलेट प्रूफ जैकेट पर जा लगी। पुलिस ने बिना डरे बदमाशों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाश लगातार फायरिंग करते रहे। जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाश घायल हो गए और पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय (23 वर्ष), अनिकेत (22 वर्ष) और धर्मेन्द्र (21 वर्ष) निवासी थाना हाईवे क्षेत्र मथुरा के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे 315 बोर, जिंदा और खोखा कारतूस, मिस कारतूस, पीली धातु की चैन और घटना में प्रयुक्त लाल रंग की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कबूल किया कि वे इसी बाइक से महिलाओं को निशाना बनाते थे और वारदात के दौरान दहशत फैलाने के लिए तमंचे रखते थे। पुलिस के अनुसार बरामद चैन 12 जून को वृन्दावन के केशवधाम क्षेत्र में अम्बाला कैंट निवासी भारती पासी के गले से झपटी गई थी।

वृन्दावन पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 109(1), 317(2) बीएनएस और 5/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल आरोपियों का उपचार संयुक्त जिला चिकित्सालय वृन्दावन में कराया जा रहा है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा में वृन्दावन पुलिस की यह कार्रवाई बड़ी सफलता मानी जा रही है। परिक्रमा मार्ग में सक्रिय बदमाशों के खिलाफ पुलिस के सख्त तेवर साफ नजर आए।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाण्डेय के साथ निरीक्षक क्राइम धर्मेन्द्र कुमार, एस आई अवधेश कुमार, अरुण डागर, मुख्य आरक्षी अमित कुमार, जिनेन्द्र कुमार, रीतेश कुमार, आरक्षी शैलेश कुमार, नितिन कुमार, धर्मेन्द्र सिंह, राकेश कुमार और अभिषेक मौजूद रहे।