VIP रोड जादौन पार्किंग पर ड्यूटी कर रहे यातायात पुलिस के मुख्य आरक्षी हरिओम सिंह के साथ कथित रूप से मारपीट, अभद्रता और मोबाइल तोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित पुलिसकर्मी ने आरोप लगाते हुए थाना वृन्दावन में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़ित मुख्य आरक्षी हरिओम सिंह के अनुसार बीते सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह VIP रोड जादौन पार्किंग पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान UP85CZ1276 नंबर की एक कार बैरियर पर पहुंची और आरोप है कि चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उनके पैर पर चढ़ा दी।
हरिओम सिंह ने जब चालक से कहा कि “इस तरह गाड़ी कैसे चला रहे हो, मेरे पैर पर गाड़ी चढ़ा दी”, तो आरोप है कि कार में सवार चालक और पीछे बैठे व्यक्ति ने उनसे अभद्र भाषा में बात करते हुए कहा कि “तू हमें गाड़ी चलाना सिखाएगा।” इसके बाद दोनों कथित रूप से गाड़ी से उतरकर उनके साथ गाली-गलौज और हाथापाई करने लगे।
पीड़ित पुलिसकर्मी ने आरोप लगाया कि इसी दौरान कार में सवार दो महिलाएं भी नीचे उतर आईं और धक्का-मुक्की करने लगीं। आरोप है कि आरोपियों ने उनका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया, जिससे मोबाइल की स्क्रीन क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर पुलिसकर्मी को बचाया। आरोप है कि इसके बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए और बाद में देख लेने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
पीड़ित हरिओम सिंह ने आसपास के दुकानदारों से जानकारी जुटाई, जिसमें कार चालक का नाम चतुर्भुज और पीछे बैठे व्यक्ति का नाम ओमप्रकाश निवासी VIP रोड मदन मोहन घेरा, वृन्दावन बताया गया।
पीड़ित यातायात पुलिसकर्मी हरिओम सिंह की तहरीर पर थाना वृन्दावन पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच एसआई शिव कुमार शर्मा को सौंप दी है।