दुसायत निवासी राहुल सिंह ने थाना वृन्दावन में तहरीर देकर लखन सैनी सहित अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। राहुल सिंह का आरोप है कि बीती 24 जून की रात करीब 11:40 बजे वह अपने मित्र प्रियांशु जादौन के मालीपाड़ा स्थित घर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर लखन सैनी अपने तीन-चार साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए धमकी देने लगा।

राहुल के अनुसार लखन सैनी ने कथित रूप से कहा कि तू बहुत नेता बनता है, तुझे एक घंटे के अंदर जान से मार देंगे। धमकी देने के बाद आरोपी वहां से चले गए। आरोप है कि करीब एक घंटे बाद लखन सैनी का भाई राम सैनी कुछ अन्य लोगों के साथ हाथों में लोहे के पाइप, सूआ और धारदार हथियार लेकर प्रियांशु के घर में घुस आया और मारपीट करने लगा।

शोर सुनकर प्रियांशु व नितेश सहित आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। राहुल ने दावा किया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है और प्रत्यक्षदर्शी भी मौजूद हैं।

राहुल सिंह ने लखन सैनी पर आपराधिक छवि होने का आरोप लगाते हुए पुराने मामलों का भी जिक्र किया है। बताया गया है कि लखन सैनी 2019 में एक चीनी महिला के साथ हुई लूट, नितेश के साथ हुई चोरी, मुन्नी के घर में घुसकर तोड़फोड़, 2020 में योगेश कुमार के घर में घुसकर मारपीट में भी शामिल रहा है और वर्ष 2020 में तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे द्वारा गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी, जबकि 2022 में मथुरा गेट चौकी प्रभारी दुष्यंत कौशिक द्वारा छात्रों के साथ मारपीट और धमकी के मामले में अभियोग दर्ज कराया गया था।

हालांकि, कुछ पुराने मामलों के न्यायालय में निस्तारित हो जाने की बात भी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस ने राहुल सिंह की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच एसआई शिवकुमार शर्मा को सौंप दी है।