व्यापारियों ने मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप को सौंपा ज्ञापन, बोले- अचानक कार्रवाई से कारोबार पर संकट, नियम पूरे करने के लिए दिया जाए समय
नेशनल चैंबर मसानी रोड स्थित सभागार में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल वृंदावन ने वृंदावन में चल रही MBDA (मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण) की सीलिंग कार्रवाई को लेकर मंडलायुक्त आगरा नागेंद्र प्रताप को ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया।
व्यापार मंडल ने होटल, रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस संचालकों पर हो रही कार्रवाई को लेकर चिंता जताते हुए तत्काल प्रभाव से सीलिंग कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि अचानक की जा रही कार्रवाई से वर्षों से कारोबार कर रहे व्यवसाईयों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल वृंदावन के नगर अध्यक्ष धनेंद्र अग्रवाल ‘बॉबी’ ने कहा कि होटल, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट संचालक कानून का पालन करना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सभी व्यवसाईयों को कम से कम तीन माह का समय दिया जाए, ताकि जो भी आवश्यक प्रक्रिया और औपचारिकताएं हैं, उन्हें पूरा किया जा सके।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि वृंदावन धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र है और हजारों परिवार होटल, गेस्ट हाउस व रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। ऐसे में बिना पर्याप्त समय दिए कार्रवाई होने से व्यापारियों के साथ-साथ पर्यटन व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।
ज्ञापन के दौरान महामंत्री विजय राघव, बांके बिहारी व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवा गौतम, उपाध्यक्ष गिरधारी शर्मा सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल ने प्रशासन से मांग की कि व्यापारियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएं।