हेड कांस्टेबल रमेश चन्द्र, सतेन्द्र दुबे और स्वाट टीम के दुर्विजय सिंह को उत्कृष्ट पुलिस कार्य के लिए मिला प्रशस्ति पत्र
14 वर्षीय अज्ञात बालक की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम के तीन जांबाज़ पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। गुरुवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान थाना हाईवे के हेड कांस्टेबल रमेश चन्द्र, हेड कांस्टेबल सतेन्द्र दुबे तथा स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल दुर्विजय सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
गौरतलब है कि थाना हाईवे क्षेत्र में 14 वर्षीय अज्ञात बालक का हाथ-पैर बंधा हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले में थाना हाईवे पर धारा 103(1) के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कपिल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तेज़ी से जांच करते हुए साक्ष्य जुटाए और घटना का सफल अनावरण कर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इस उत्कृष्ट पुलिस कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हेड कांस्टेबल रमेश चन्द्र, सतेन्द्र दुबे और हेड कांस्टेबल दुर्विजय सिंह की सराहना करते हुए SSP श्लोक कुमार ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस सम्मान के साथ यह संदेश भी दिया गया कि उत्कृष्ट विवेचना, टीमवर्क और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाना विभाग की प्राथमिकता है। तीनों पुलिसकर्मियों की इस उपलब्धि की पुलिस महकमे और आमजन ने भी सराहना की।