वृन्दावन के प्रतिष्ठित परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर में छात्रों के साथ कथित तौर पर की गई गंभीर मारपीट का मामला तूल पकड़ गया है। विद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए शिक्षक सत्येन्द्र कुमार द्विवेदी को प्रथम दृष्टया दोषी मानकर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई जाँच पूरी होने और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विपिन कुमार शर्मा द्वारा जारी आदेश के मुताबिक शुक्रवार को तीन छात्रों को कथित रूप से शारीरिक दंड दिए जाने के वाक़िये और उससे उपजे हालात को देखते हुए यह फ़ैसला लिया गया। आदेश में साफ़ किया गया है कि निलंबन की अवधि के दौरान सत्येन्द्र कुमार द्विवेदी प्रतिदिन निर्धारित समय पर प्रधानाचार्य के समक्ष अपनी हाज़िरी दर्ज कराएंगे, लेकिन उन्हें विद्यालय के किसी भी कक्षा-कक्ष, स्टाफ़ रूम, खेल मैदान अथवा अन्य परिसर में जाने की इजाज़त नहीं होगी।
विद्यालय के प्रबंधक शिवेन्द्र गौतम ने भी निर्देश जारी करते हुए कहा है कि शिक्षक जाँच समिति की कार्रवाई मुकम्मल होने तक अथवा जब भी प्रबंध समिति या जाँच समिति की ओर से तलब किया जाए, उपस्थित होकर जाँच में पूरा सहयोग देंगे।
बताया गया है कि इस पूरे प्रकरण ने अब क़ानूनी शक्ल भी अख़्तियार कर ली है। पीड़ित छात्र के पिता मुकेश कुमार सारस्वत ने थाना वृन्दावन में अपने पुत्र के साथ हुई कथित मारपीट की तहरीर देकर कार्रवाई की माँग की है। पुलिस ने मामले की तफ़्तीश शुरू कर दी है।
अब निगाहें विद्यालय की आंतरिक जाँच समिति की रिपोर्ट और पुलिस की तफ़्तीश पर टिकी हैं। यदि आरोप साबित होते हैं तो संबंधित शिक्षक पर विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ क़ानूनी कार्रवाई भी तेज़ हो सकती है।