होमस्टे के लिए तीन फ्लैट किराये पर लेने का सौदा आखिरकार कथित मारपीट, गंभीर चोट और महिलाओं से अभद्रता के आरोपों तक पहुंच गया। कोसीकलां निवासी अनुराग शर्मा ने राजन चौधरी और उसके साथियों पर पैसे वापस मांगने पर कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से हमला करने, लोहे की रॉड से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल करने तथा महिलाओं के साथ बदसलूकी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के मुताबिक, अनुराग शर्मा ने होमस्टे कारोबार के लिए चैतन्य विहार कॉलोनी फेस-1 में तीन फ्लैट लेने के सिलसिले में 25 दिसंबर 2025 को कैलाश नगर निवासी राजन चौधरी से मुलाकात की थी। इस दौरान अनुराग के पिता सुभाष चंद्र शर्मा, उनकी महिला मित्र मेघा साहू और मेघा के पिता घनश्याम साहू भी मौजूद थे। आरोप है कि राजन चौधरी ने तीनों फ्लैटों को अपना बताते हुए किराये और सिक्योरिटी मनी के नाम पर मेघा साहू से 3.50 लाख रुपये ले लिए।
आरोप है कि रकम लेने के बाद राजन चौधरी ने तीन में से केवल दो फ्लैट ही किराये पर दिए, जबकि तीसरे फ्लैट की एडवांस सिक्योरिटी लेने के बावजूद उसे उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद अनुराग और मेघा साहू ने अपनी रकम वापस मांगी तो कथित तौर पर उन्हें रुपये लौटाने के लिए राधारानी अस्पताल के पास स्थित राधे-राधे धाम गेस्ट हाउस बुलाया गया।
अनुराग के मुताबिक, 6 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे वह मेघा साहू, उसके पिता घनश्याम साहू तथा अपने पिता सुभाष चंद्र शर्मा और मां संतोष शर्मा के साथ गेस्ट हाउस पहुंचे। आरोप है कि वहां राजन चौधरी ने पहले से ही कई लोगों को बुला रखा था।
शिकायत में दावा किया गया है कि राजन चौधरी, रामबाबू निवासी गौरी शिव गेस्ट हाउस तथा अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से अनुराग और उसके साथ आए लोगों पर हमला कर दिया।
अनुराग का आरोप है कि दोनों ने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद मौके पर पहुंची 112 की पीआरवी घायलों को वृंदावन थाने ले गई। इसके बाद घायलों का सौ शैय्या अस्पताल में मेडिकल कराया गया। अनुराग को कान से सुनाई देने में परेशानी होने पर ईएनटी सर्जन के लिए रेफर किए जाने की बात भी सामने आई है।
मामला सिर्फ मारपीट तक सीमित नहीं रहने का आरोप है। शिकायत में मेघा साहू ने आरोप लगाया है कि जब वह अनुराग को बचाने के लिए आगे आई तो राजन चौधरी और रामबाबू ने उसे कथित रूप से गलत नीयत से पकड़ा और अश्लीलता की। अनुराग की मां संतोष शर्मा के साथ भी कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और बेइज्जती करने का आरोप लगाया गया है।
वहीं, सुभाष चंद्र शर्मा और घनश्याम साहू के साथ भी लात-घूंसों से मारपीट कर चोट पहुंचाने तथा सभी को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
वीडियो रिकॉर्डिंग को बनाया जा सकता है अहम साक्ष्य
शिकायतकर्ता का दावा है कि पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसमें अनुराग और उसके साथ आए लोगों के साथ कथित मारपीट तथा महिलाओं के कपड़े खींचने और बदसलूकी के दृश्य रिकॉर्ड होने की बात कही गई है। यदि जांच में वीडियो फुटेज की पुष्टि होती है तो यह पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकता है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, SI कपिल वशिष्ठ को सौंपी जांच
घटना के संबंध में पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच उपनिरीक्षक कपिल वशिष्ठ को सौंपी है। अब पुलिस के सामने कथित 3.50 लाख रुपये के लेन-देन, तीसरे फ्लैट को लेकर हुए विवाद, घटना के दौरान मौजूद लोगों, मेडिकल रिपोर्ट और वीडियो फुटेज की जांच कर पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की चुनौती है।
फिलहाल आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। लेकिन यदि शिकायत में लगाए गए आरोप और वीडियो साक्ष्य जांच में सही पाए जाते हैं तो मामला महज किराये के विवाद का नहीं, बल्कि पैसे वापस मांगने पहुंचे लोगों पर कथित सुनियोजित हमला और महिलाओं से बदसलूकी का गंभीर मामला बन सकता है।