गुरुकुल रोड पर आधी रात पुलिस का शिकंजा! दो संदिग्ध दबोचे, गांजा और दो अवैध चाकू बरामद
अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए मथुरा गेट पुलिस चौकी की टीम ने देर रात प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों के कब्जे से अवैध गांजा और दो नाजायज चाकू बरामद हुए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण गुडवर्क माना जा रहा है।
मथुरा गेट पुलिस चौकी इंचार्ज राहुल चौधरी अपने साथ एसआई अविलाख सिंह, आरक्षी विकास कुमार और शोभित कुमार के साथ निजी वाहन से क्षेत्र में शांति व्यवस्था, वांछित अपराधियों की तलाश और संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग में गश्त कर रहे थे।
इसी दौरान पुलिस टीम गुरुकुल रोड पर राजपुर जाने वाले रास्ते पर गुम्बंद के पास पहुंची तो वहां दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ का प्रयास किया तो आरोप है कि दोनों मौके से भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
एक के थैले में गांजा, कमर में चाकू
पूछताछ और तलाशी के दौरान पहले युवक ने अपना नाम भोले (23) निवासी हैजा हॉस्पिटल के पीछे, राधा निवास, वृन्दावन बताया। पुलिस के अनुसार उसके हाथ में मौजूद थैले की पॉलिथीन में बंधा अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा उसकी पैंट की दाहिनी अंटी से एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया।
पुलिस की पूछताछ में भोले ने कथित तौर पर बताया कि गांजा वह मथुरा से किसी व्यक्ति से लेकर आया था, जिसका नाम वह नहीं जानता। चाकू के संबंध में उसने इसे अपनी सुरक्षा के लिए रखना बताया।
दूसरे आरोपी से भी निकला अवैध चाकू
दूसरे युवक की पहचान सलमान उर्फ टैंटी (32) निवासी हैजा हॉस्पिटल के पीछे, राधा निवास, वृन्दावन के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक उसकी तलाशी लेने पर पैंट की दाहिनी अंटी से भी एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को बीती रात करीब 11:30 बजे गुरुकुल रोड पर राजपुर जाने वाले रास्ते पर गुम्बंद के पास गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
मथुरा गेट पुलिस चौकी की सतर्कता से दो संदिग्ध गिरफ्त में
देर रात गश्त के दौरान संदिग्ध युवकों की गतिविधियों पर नजर रखना और भागने का प्रयास करते ही घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लेना मथुरा गेट पुलिस चौकी की सतर्कता को दर्शाता है। चौकी इंचार्ज राहुल चौधरी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से पुलिस ने एक ओर जहां अवैध गांजे की बरामदगी की, वहीं दो अवैध चाकुओं को भी कब्जे में लेकर संभावित आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने का संदेश दिया है।