स्वर्ण और रजत पदक जीतकर बढ़ाया विद्यालय का गौरव, क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों ने किया क्वालीफाई
परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने प्रांतीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण एवं रजत पदक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। कबड्डी और शतरंज प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
बरेली के आंवला में 5 से 8 अगस्त तक आयोजित प्रांतीय कबड्डी प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-14 वर्ग के विद्यालय के 10 खिलाड़ियों ने रजत पदक हासिल किया।
कबड्डी में शानदार प्रदर्शन करने वाली विजयी टीमें अब 16 से 19 अगस्त तक शिकारपुर, बुलंदशहर में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
इसी क्रम में अलीगढ़ के खैर मार्ग स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में 8 से 10 अगस्त तक आयोजित प्रांतीय शतरंज प्रतियोगिता में भी परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग के कुल 12 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इनमें अंडर-19 टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।
शतरंज प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी अब 29 से 31 अगस्त तक सरस्वती विद्या मंदिर, गोवर्धन में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय शतरंज प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक शिवेन्द्र गौतम, प्रधानाचार्य विपिन कुमार शर्मा, उप प्रधानाचार्य ओमप्रकाश शर्मा, खेल प्रशिक्षक सतेन्द्र तोमर एवं दरेन्द्र सिंह सहित सभी आचार्यों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और आगामी क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन को विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।