फर्जी खतौनी दिखाकर 70 लाख की ठगी, श्रीलज्जाराम आश्रम ट्रस्ट से जुड़े लोगों पर मुकदमा
5 January 2026, 22:20
1851 views
Crime
None | Exclusive Bulletin
फरह निवासी राधेश्याम ने कोर्ट के आदेश पर वृन्दावन के चैतन्य बिहार स्थित श्रीलज्जाराम आश्रम ट्रस्ट से जुड़े ललित कुमार गुप्ता और शिवम गुप्ता के खिलाफ थाना जमुनापार में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों पर बीएनएस की धारा 318 (4), 338, 336 (3), 340 (2), 351 (2)(3) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।
पीड़ित राधेश्याम के अनुसार, फरवरी 2025 के अंतिम दिनों में ललित कुमार गुप्ता और शिवम गुप्ता ने मैसर्स डिविट हॉस्पिटैलिटी प्रा. लि. और एनेक्सी कृष्णा ऑर्चिड कॉलोनी को यह कहकर बहकाया कि यदि कंपनी उनसे उनकी कृषि भूमि क्रय कर ले तो उसे भारी लाभ होगा। दोनों आरोपियों ने इस सिलसिले में कंपनी के डायरेक्टर कृष्ण मुरारी अग्रवाल से कई बार मुलाकात की और ग्राम अलीपुर थाना जमुनापार क्षेत्र में एक कृषि भूमि दिखाने भी ले गए।
आरोप है कि विश्वास में लेने के लिए ललित और शिवम ने 4 मार्च 2025 को भूमि की नकल खतौनी उपलब्ध कराई, जिस पर भूलेख कंप्यूटरीकरण प्रभारी तहसील महावन की मुहर लगी हुई थी। इसी के आधर पर कंपनी को विश्वास में ले लिया।
बताया गया कि 4 मार्च 2025 को कंपनी के खाते से 50 लाख रुपये टोकन मनी के रूप में दिए गए, जबकि 16 जून 2025 को 20 लाख रुपये शिवम गुप्ता को और प्रदान किए गए। इसके अलावा 7 नवंबर 2025 की तारीख के 2 करोड़ 26 लाख रुपये के छह पीडीसी चेक भी आरोपियों को सौंप दिए गए।
तय कार्यक्रम के अनुसार 7 नवंबर 2025 को बैनामा होना था, लेकिन कागजातों की गहन जांच में कंपनी को चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जिस भूमि को ललित और शिवम ने दिखाया था, वह उनकी थी ही नहीं, और न ही उसका कोई संबंध दी गई नकल खतौनी से था। जांच में यह भी सामने आया कि दी गई नकल खतौनी पूरी तरह कूटरचित थी और उसमें वर्णित भूमि का कहीं कोई अस्तित्व नहीं था।
पीड़ित का आरोप है कि ललित कुमार गुप्ता और शिवम गुप्ता ने सुनियोजित साजिश के तहत कूटरचना कर कंपनी से 70 लाख रुपये की ठगी की। जब इस संबंध में उनसे जवाब तलब किया गया तो दोनों आरोपियों ने कंपनी के डायरेक्टर कृष्ण मुरारी अग्रवाल को जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि 30 जून 2025 से राधेश्याम को कंपनी द्वारा कानूनी कार्रवाई के लिए अधिकृत किया गया है। फिलहाल पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।