संत सुदामा दास महाराज का शताब्दी महोत्सव एवं रामानंदाचार्य जयंती महोत्सव भव्य रूप से आयोजित
12 January 2026, 21:34
657 views
Religious
None | Exclusive Bulletin
वृंदावन के परिक्रमा मार्ग स्थित सुदामा कुटी आश्रम के संस्थापक साकेतवासी संत सुदामा दास महाराज के वृंदावन आगमन के शताब्दी महोत्सव एवं जगतगुरु रामानंदाचार्य महाराज की जयंती महोत्सव का आयोजन कुंभ मेला क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जा रहा है। इस अवसर पर देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु वृंदावन पहुंच रहे हैं।
नाभा पीठाधीश्वर स्वामी सुतीक्ष्ण दास महाराज ने बताया कि संत सुदामा दास महाराज वर्ष 1926 में वृंदावन आए थे। इसके पश्चात उन्होंने गौ सेवा, संत सेवा, विप्र सेवा एवं दरिद्र नारायण की सेवा को अपना जीवन उद्देश्य बनाया। इन्हीं सेवा भावों के साथ उन्होंने सुदामा कुटी आश्रम की स्थापना की, जो आज भी भगवान की सेवा के साथ-साथ पीड़ित मानवता की सेवा में समर्पित है।
स्वामी राम दिनेशाचार्य महाराज ने कहा कि संत सुदामा दास महाराज ब्रज की महान विभूति थे, जिन्होंने भागवत नाम स्मरण के साथ सेवा कार्यों को सर्वोपरि रखा। दशरथ महल अयोध्या के महंत बिंदु गद्याचार्य देवेंद्र प्रसादाचार्य ने कहा कि संत सुदामा दास महाराज के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालना सूर्य को दीपक दिखाने के समान है। महंत मोहनदास महाराज ने कहा कि संत सेवा, गौ सेवा, विप्र सेवा, वेद सेवा और पीड़ित मानवता की सेवा ही उनके जीवन का एकमात्र लक्ष्य था, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
शताब्दी समारोह के अंतर्गत आयोजित संत प्रवचनों में महंत हरिदास महाराज, अजमेर से गुरु प्रसन्न दास महाराज, सतना के महंत मनमोहन दास, इंदौर के महंत पुरुषोत्तम दास एवं होशियारपुर के महंत जयरामदास सहित अनेक संतों ने संत सुदामा दास महाराज के जीवन और आदर्शों पर प्रकाश डाला।
कुंभ मेला क्षेत्र में शताब्दी समारोह के अंतर्गत 108 श्रीराम महायज्ञ का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश से आए श्रद्धालु आहुतियां दे रहे हैं। कथा प्रवक्ता हित अंब्रेश महाराज द्वारा भक्तों को श्रीराम कथा का रसपान कराया जा रहा है। इसके साथ ही रासलीला का मंचन एवं संत विद्वत संगोष्ठी का आयोजन भी किया जा रहा है।
इस अवसर पर महंत केशव महाराज नर्मदा, महंत बालकृष्ण दास जयपुर, स्वामी अखिलेश्वर दास, महंत सनत कुमार शरण, महंत राजेंद्र दास निर्मोही, महंत सुदर्शन दास, महंत दिलीप दास सहित अनेक संत-महंत उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महंत अमर दास महाराज ने सभी आगंतुकों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।