संदिग्ध हालात में शादीशुदा महिला की मौत, मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का इल्ज़ाम लगाया
16 January 2026, 16:09
875 views
Crime
None | Exclusive Bulletin
वृन्दावन थाना क्षेत्र की गौरानगर कालोनी में एक शादीशुदा महिला की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला के मायके वालों ने ससुरालियों पर धारदार हथियार से क़त्ल करने का संगीन इल्ज़ाम लगाया है। इत्तिला मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को क़ब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक गौरानगर कालोनी की मदीना मस्जिद वाली गली में शुक्रवार की सुबह उस वक़्त अफ़रा-तफ़री मच गई, जब एक शादीशुदा महिला की मौत की ख़बर फैल गई। मौक़े पर पहुंचे मायके और ससुराल पक्ष के लोग आपस में उलझ पड़े। हालात बिगड़ते देख थाना प्रभारी संजय कुमार पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौक़े पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला क़ाबू में किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि थाना कोसीकलां इलाके की रहने वाली 30 वर्षीय रुख़सार की शादी करीब पंद्रह साल पहले गौरानगर निवासी मुकीम से हुई थी। रुख़सार तीन बच्चों की माँ थी। महिला के भाई इरफ़ान का कहना है कि उसकी बहन को ससुरालियों ने धारदार हथियार से मौत के घाट उतार दिया। उसका यह भी आरोप है कि इससे पहले भी रुख़सार के साथ ससुराल में मारपीट की वारदातें हो चुकी थीं।
वहीं ससुराल पक्ष का दावा है कि रुख़सार की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ़ हो पाएगी।