मथुरा में अवैध हथियारों का काला कारोबार बेनकाब, पेंदू और अक्की डॉन बने पिस्टल माफिया
17 January 2026, 21:34
670 views
Crime
None | Exclusive Bulletin
मथुरा जिले में अवैध हथियारों से अपराध को हवा देने वाले दो युवा चेहरे पुलिस की कार्रवाई में बेनकाब हो गए। खुद को डॉन समझने वाला अंकित उर्फ अक्की डॉन और उसका साथी विनोद उर्फ पेंदू दरअसल अवैध पिस्टलों के सौदागर निकले, जो हथियार बेचकर ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहे थे।
पुलिस कमांडर श्लोक कुमार के निर्देश पर थाना कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 17 जनवरी की देर रात भूतेश्वर रेलवे स्टेशन के पास चाय की दुकान के समीप दोनों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी में इनके पास से चार अवैध पिस्टल बरामद हुईं, जिनमें तीन 32 बोर और एक 22 बोर की पिस्टल शामिल है।
एएसपी/सीओ सिटी आईपीएस आसना चौधरी के अनुसार ये दोनों आरोपी राजस्थान के मूसेपुर गांव से बिंदास नामक हथियार तस्कर से पिस्टल लाते थे और फिर कोसी, छाता और मथुरा शहर में मनचाहे दामों पर बेचते थे। हथियारों की इस कमाई से आरोपी अपने शौक पूरे कर रहे थे और इलाके में डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि इस अवैध नेटवर्क के तार होडल निवासी धीरज और मनोज से जुड़े हैं, जिन्होंने बिंदास से संपर्क कराया था, जबकि गांव फालिन का अमन भी इस गिरोह का सक्रिय सदस्य है। पुलिस अब इस पूरे हथियार माफिया नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की तैयारी में है।
स्वाट टीम और थाना कोतवाली पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अवैध हथियार बेचने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का साफ कहना है कि युवाओं के हाथ में हथियार थमाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
इस बड़ी कार्रवाई में थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा, एसएसआई सुनील जोशी, स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा समेत कोतवाली और स्वाट टीम के कई जवान शामिल रहे।