वैश्य शिरोमणि सम्मान से अलंकृत हुए राधा प्रसाद देव जू महाराज
21 January 2026, 21:49
591 views
General
None | Exclusive Bulletin
वृंदावन स्थित बसेरा ब्रजभूमि होटल में बुधवार को अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमंत गुप्ता ने की। बैठक का शुभारंभ हरिदासीय पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर आचार्य राधा प्रसाद देव जू महाराज द्वारा ठाकुर बांके बिहारी जी महाराज के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर परिषद द्वारा राधा प्रसाद देव जू महाराज को उनके जन्मदिवस पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। महाराजश्री का विधिवत पूजन अर्चन एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें “वैश्य शिरोमणि” की उपाधि से अलंकृत किया गया। यह सम्मान उनके द्वारा समाज सेवा, गौ सेवा एवं संत सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे अतुलनीय कार्यों को देखते हुए प्रदान किया गया। बसेरा ग्रुप के चेयरमैन राम किशन अग्रवाल ने कहा कि आचार्य राधा प्रसाद देव जू महाराज ब्रज के एकमात्र ऐसे संत हैं, जो ब्रज में रहते हुए भी ब्रज के संतों और समाज की निरंतर सेवा कर रहे हैं। वे न केवल गौसेवी हैं बल्कि समाज को आध्यात्मिक दिशा देने वाले मार्गदर्शक भी हैं। उन्हें वैश्य शिरोमणि की उपाधि देना परिषद के लिए गर्व का विषय है। महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य वैश्य समाज को एक मंच पर लाकर संगठित करना है, जिससे समाज की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी को और मजबूत किया जा सके।
इस मौके पर आलोक गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, नरेश माहेश्वरी, हरिओम अग्रवाल, कमल किशोर वार्ष्णेय, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, राम शंकर गुप्ता, अनूप गुप्ता, राजीव गुप्ता, अजय गुप्ता, विजय गुप्ता, अमित वार्ष्णेय, शीतल अग्रवाल, कविता रस्तोगी, अजय मित्तल, विवेक गुप्ता, मनीष अग्रवाल, शिवकुमार गर्ग, सुधीर गुप्ता, अरविंद गुप्ता, हेमलता अग्रवाल, मनोज गुप्ता, आनंद गुप्ता, विपिन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।