ई-रिक्शा चालक की लापरवाही बनी 14 वर्षीय छात्रा की मौत की वजह, वृंदावन में दर्दनाक हादसा
18 December 2025, 22:03
6358 views
Crime
None | Exclusive Bulletin
वृंदावन की मथुरा गेट पुलिस चौकी क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने एक बार फिर ई-रिक्शा चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बस स्टैंड के पास पुरानी बिजली कंपनी कार्यालय के सामने तेज और लापरवाह ढंग से चल रहे एक ई-रिक्शा ने 14 वर्षीय छात्रा को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
हादसा शाम करीब 6:30 बजे उस वक्त हुआ, जब 14 वर्षीय छात्रा राधिका पुत्री ब्रजेश ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली थी। बताया जा रहा है कि ई-रिक्शा चालक ने न तो गति पर नियंत्रण रखा और न ही सड़क पर चल रहे पैदल यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राधिका को गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ई-रिक्शा चालकों की लापरवाही की यह कीमत राधिका को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी रिक्शा चालक को भी हिरासत में ले लिया है।
मृतका राधिका अपने मामा लक्ष्मण शर्मा के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हैं, लेकिन न तो प्रशासन सख्ती बरत रहा है और न ही नियमों का पालन कराया जा रहा है। लोगों ने मांग की है कि ई-रिक्शा चालकों पर कड़ी कार्रवाई हो और ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान न जाए।
यह हादसा प्रशासन के लिए एक चेतावनी है कि यदि समय रहते ई-रिक्शा चालकों की मनमानी पर लगाम नहीं लगाई गई, तो ऐसे दर्दनाक हादसे यूं ही होते रहेंगे।